सरायकेला/ चांडिल: नेशनल हाईवे-33 पर लगातार होने वाले VIP मूवमेंट को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरायकेला- खरसावां पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है. ईचागढ़, चौका, चांडिल और कपाली क्षेत्र से गुजरने वाले VIP काफिलों के लिए अब एक विशेष एस्कॉर्ट टीम काम करेगी. टीम को चौका थाना में स्थायी रूप से तैनात किया गया है और यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है.


पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी ने बताया कि जिले में VIP आवागमन की स्थिति को देखते हुए अलग एस्कॉर्ट टीम का गठन किया गया है. इस टीम का मुख्य कार्य सरायकेला जिले के नागासेरेंग से कपाली के दोमुहानी तक NH-33 पर VIP एस्कॉर्ट उपलब्ध कराना होगा.
सूचना मिलते ही हाईवे पर निकलेगी टीम
विशेष एस्कॉर्ट टीम में एक पुलिस पदाधिकारी और चार जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है. पूरी टीम चौका थाना परिसर में उपलब्ध रहेगी. जैसे ही किसी VIP के इस मार्ग से गुजरने की सूचना मिलेगी, टीम एस्कॉर्ट ड्यूटी के लिए रवाना हो जाएगी. नागासेरेंग से दोमुहानी तक का यह हिस्सा करीब 35 से 40 किलोमीटर लंबा है. NH-33 का यह मार्ग काफी व्यस्त माना जाता है और ईचागढ़, चौका, चांडिल तथा कपाली क्षेत्र को जोड़ते हुए जमशेदपुर की ओर जाता है.
अब VIP ड्यूटी में नहीं लगानी पड़ेगी थानों की नियमित टीम
एसपी के अनुसार अब तक VIP मूवमेंट होने पर संबंधित थाना की पुलिस को ही एस्कॉर्ट की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती थी. मंत्री, विधायक, वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के आवागमन के दौरान थाने से पदाधिकारी और जवान एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगाए जाते थे. इससे कई बार थाने के नियमित कार्य और क्षेत्र की दूसरी पुलिसिंग जिम्मेदारियां प्रभावित होती थीं. इसी समस्या को देखते हुए अलग टीम बनाने का निर्णय लिया गया है. नई व्यवस्था के बाद संबंधित थानों की पुलिस अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्ती और विधि-व्यवस्था से जुड़े नियमित कार्यों पर ध्यान दे सकेगी, जबकि VIP एस्कॉर्ट की जिम्मेदारी विशेष टीम संभालेगी.
जरूरत पड़ने पर विधि- व्यवस्था में भी ली जाएगी सेवा
विशेष टीम केवल एस्कॉर्ट के लिए चौका थाना में उपलब्ध रहेगी, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसका इस्तेमाल विधि-व्यवस्था में भी किया जा सकेगा. एसपी मनोज कुमार स्वर्गियारी के अनुसार विशेष परिस्थितियों में चौका थाना प्रभारी टीम को कानून-व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी में लगा सकेंगे. हालांकि इसका प्राथमिक दायित्व NH-33 पर VIP एस्कॉर्ट ही रहेगा. पुलिस का मानना है कि अलग टीम की तैनाती से VIP काफिलों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित क्षेत्र से निकालने के साथ यातायात प्रबंधन में भी सुविधा होगी. वहीं संबंधित थाना की पुलिस को बार-बार एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगाने की आवश्यकता कम होगी.

