जामताड़ा: ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के दौरान जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जामताड़ा विद्युत विभाग ने विशेष तैयारी की है. विद्युत कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 मई से 28 मई तक जिले में अस्थायी नियंत्रण कक्ष संचालित किए जाएंगे, ताकि किसी भी विद्युत समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके.

उन्होंने कहा कि सभी सहायक विद्युत अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. जिलेभर में कुल 8 नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं, जहां विद्युत कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
जारी सूची के अनुसार सहायक विद्युत अभियंता जामताड़ा नरेंद्र कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर अभय तिवारी को जामताड़ा नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं मिहिजाम नियंत्रण कक्ष में संतोष कुमार मंडल को प्रतिनियुक्त किया गया है.
इसके अलावा अमरजीत कुमार को जामताड़ा विद्युत प्रशाखा, रंजीत मिश्रा को जामताड़ा ग्रामीण, मनोज कुमार चौधरी को करमाटाड़, मुरुगेशन शिव कुमार को मिहिजाम, अशोक रविदास को नाला तथा रंजीत गौराई को कुंडहित विद्युत प्रशाखा में तैनात किया गया है.
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें, ताकि समय पर समस्या का समाधान किया जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



