
खरसावां: प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में शुक्रवार को शिक्षक- अभिभावक बैठक (पीटीएम.) का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत बाल संसद के सदस्यों ने अभिभावकों का तिलक, चंदन और पुष्प देकर स्वागत करते हुए की. प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने और नियमित रूप से विद्यालय से जुड़े रहने की अपील की.


बैठक में विद्यार्थियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं, यूनिफॉर्म, ई-कल्याण छात्रवृत्ति, अपार आईडी, विद्यालय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, स्कूल स्कोर कार्ड और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी गई. साथ ही विद्यालय परिसर के आसपास नशापान और नशीले पदार्थों की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, सुझाव पेटी और खोया-पाया बॉक्स की उपयोगिता पर भी अभिभावकों को जागरूक किया गया.
चेतना सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया. विज्ञान, पेंटिंग, संगीत और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई. अभिभावकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए शिक्षकों की प्रशंसा की.
शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का उल्लेख करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया. बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी.) के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई और अध्यक्ष व सदस्यों के लिए नामांकन लिया गया. कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर खरसावां थाना के एसआई श्याम राठौर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





