
खूंटी: थाना क्षेत्र के धाराटोली स्थित तजना नदी पुल के समीप मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने कथित रूप से अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. मामले की जांच जारी है.


उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को तजना नदी पुल के पास युवक और महिला का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों में सती देवी, जितेंद्र सिंह उर्फ जयरा, रितेश चौक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की दो रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपियों के मोबाइल फोन तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं.
प्रारंभिक जांच में पुलिस के अनुसार यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के एक बच्चे की कस्टडी को लेकर भी तनाव था. पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते कथित रूप से हत्या की साजिश रची गई. मामले में आगे की जांच जारी है.





