
कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा स्थित पाउड़ी स्थान से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पिछले छह दशकों से लगातार निकाली जा रही है. इस वर्ष भी रथयात्रा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. भगवान जगन्नाथ के रथ की मरम्मत, रंग-रोगन और सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है.


महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा गुरुवार, 16 जुलाई को भव्य रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे. रथयात्रा कांड्रा सिनेमाहॉल स्थित ग्राम प्रधान सुरेश महतो के आवास के समीप से शुरू होकर मौसीबाड़ी तक पहुंचेगी.
रथयात्रा के संयोजक विजय महतो ने बताया कि पाउड़ी स्थान में श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक भंडारे का आयोजन किया गया है. इस दौरान भक्तों के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया जाएगा. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.
रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन से विशेष यातायात व्यवस्था करने की मांग की है. समिति की ओर से कांड्रा मोड़ से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक गुरुवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
आयोजन समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





