सरायकेला: जिले के खरसावां प्रखंड स्थित बेहरासाही के रहने वाले शुभम कुमार पति को उनकी बड़ी उपलब्धि पर सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त कर लौटे शुभम का स्थानीय स्तर पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया. शुभम कुमार पति ने महाराष्ट्र के वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में शिक्षा स्नातकोत्तर की परीक्षा में देशभर में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है. इसके लिए विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया.

खरसावां के राधा- माधव बिहार में आयोजित समारोह में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. उत्कल सम्मिलनी के जिलाध्यक्ष सुमंत चंद्र मोहंती ने इसे पूरे जिले के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि छोटे शहरों के युवा भी कड़ी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं.
शुभम ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल प्राध्यापक बनकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है. वर्तमान में वे यूनिवर्सिटी ऑफ़ दिल्ली में शिक्षा शास्त्र के क्षेत्र में शोध कार्य कर रहे हैं. शुभम की शैक्षणिक यात्रा भी प्रेरणादायक रही है. उन्होंने खरसावां और सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की, इसके बाद जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज से इंटर और स्नातक की पढ़ाई पूरी की. वर्धा से स्नातकोत्तर करने के बाद अब वे दिल्ली में अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. इस अवसर पर अजय प्रधान, सपन मंडल, माधव चरण सतपथी, आलोक दास, सनोज महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

