सरायकेला/ Pramod Singh खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरजूडीह गांव से सटे जंगल में चल रही दो अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान मौके पर करीब 500 किलो अवैध जावा महुआ भी नष्ट किया गया.

यह कार्रवाई थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से जंगल में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को पूरी तरह समाप्त कर दिया.

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि बरजूडीह के जंगल में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही है. इसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए भट्ठियों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया गया.
हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

