जमशेदपुर/ Afroz Mallik एक ओर विश्व जल दिवस के मौके पर देशभर में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर मुस्लिम बस्ती में बीते तीन दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है. हालात ऐसे हैं कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं.

जानकारी के अनुसार 20 मार्च को चांद रात और 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया गया, लेकिन पानी की कमी के कारण लोगों की खुशियां फीकी पड़ गईं. त्योहार के दौरान खाना बनाने, साफ-सफाई और अन्य जरूरी कामों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार तीन दिनों से पानी की आपूर्ति बंद है, जिससे पूरी बस्ती की दिनचर्या प्रभावित हो गई है. कई घरों में पीने के पानी तक की किल्लत हो गई है. लोग दूर-दराज के इलाकों से पानी लाकर किसी तरह काम चला रहे हैं.
इस समस्या का सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. न ही किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है.
लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी साफ नजर आ रही है. उनका कहना है कि जिस दिन पानी बचाने का संदेश दिया जा रहा है, उसी दिन वे अपनी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

