खरसावां: प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह पंचायत भवन में शुक्रवार को “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह का पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित किया गया. इस दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत एवं उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा शिविर में उपस्थित रहे.

शिविर के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की सही और समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए तथा सभी आवेदनों का त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि लाभुकों को योजनाओं का लाभ स्थल पर ही उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं.

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन- प्रशासन की सेवाओं को सीधे पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा. उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, आय- जाति- निवास प्रमाणपत्र तथा भूमि से संबंधित सेवाओं पर प्राप्त आवेदनों के त्वरित समाधान हेतु विभागीय टीमों को विशेष निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की दैनिक मॉनिटरिंग की जाएगी और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण न करने वाले विभागों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा.

