जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई, जबकि फायरिंग की चर्चा भी क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और विवाद मारपीट में बदल गया. घटना के दौरान हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आसपास के लोग और दुकानदार भी सहम गए.
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दोनों पक्षों से जुड़े लोगों और स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है.
क्षेत्र में फायरिंग की चर्चा को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना की वास्तविकता जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. हालांकि पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति सामान्य हो गई है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



