इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम रोड स्थित भाभी होटल चौक पर लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढे की समस्या पर आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को नगर परिषद की ओर से गड्ढे वाले हिस्से में ईंट एवं पत्थर डालकर अस्थायी भराव कराया गया. इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है.
बताया जाता है कि सड़क का एक हिस्सा लंबे समय से गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया था. इसके कारण प्रतिदिन दोपहिया, टेंपो, चारपहिया वाहनों सहित पैदल राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. वहीं, आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो रही थीं. इस गंभीर समस्या को इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड ने प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी गड्ढे के कारण बांस लदा एक नीले रंग का मालवाहक टेंपो दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया था. गड्ढे में वाहन का अगला चक्का फंस जाने से टेंपो का अगला हिस्सा हवा में उठ गया था और वाहन पलटने की स्थिति बन गई थी. हालांकि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया था. इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी थी और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग तेज हो गई थी.
बुधवार को नगर परिषद ने गड्ढे में ईंट एवं पत्थर डालकर सड़क को समतल कराया, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान है. उन्होंने पूरे सड़क मार्ग का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो.
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का सकारात्मक परिणाम सामने आया है. लोगों ने उम्मीद जताई कि कपाली नगर परिषद जल्द ही इस सड़क का स्थायी निर्माण कराकर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगी.