कांड्रा: पंचायत के वार्ड नंबर 12 स्थित वीडियो कॉलोनी में जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हैं. कॉलोनी के लगभग सभी घरों में एक फीट तक पानी जमा है. सड़क और गलियों में गंदगी के बीच लोगों को रहने को मजबूर होना पड़ रहा है.


स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले पानी मेन रोड से निकलकर तालाब की ओर चला जाता था. लेकिन धर्मकांटा से बस्ती होते हुए अमलगम स्टील के बीच सड़क निर्माण के बाद सड़क की ऊंचाई बढ़ने और पर्याप्त नाली नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो गई है.

लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर उपायुक्त और प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ. इससे नाराज कॉलोनीवासियों ने आगामी पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है. साथ ही जल्द बैठक कर उपायुक्त कार्यालय का घेराव करने की तैयारी की जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी नाली निर्माण की मांग की है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

