
जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम सकलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय सकलपुर में पठन- पाठन में लापरवाही और अनुशासनहीनता की शिकायत पर जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) विकेश कुणाल प्रजापति ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक इनामुल हक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.


इसके साथ ही विद्यालय में कार्यरत पारा शिक्षक दिनेश कुमार मंडल की वार्षिक 4 प्रतिशत वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है. वहीं संबंधित संकुल संसाधन सेवी के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
जानकारी के अनुसार, हाल ही में विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में कुछ छात्र नशा मुक्ति अभियान के बैनर के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे थे. साथ ही अभियान से संबंधित तस्वीर फाड़ने का भी मामला सामने आया था.
बताया गया कि गांव के निवासी अरुण मंडल ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था. आरोप है कि इसके बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं अन्य लोगों ने वीडियो हटाने का दबाव बनाया तथा अरुण मंडल को धमकी देने और मारपीट का प्रयास किया.
ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति बुधवार को विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उन्होंने तत्काल प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया तथा अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई शुरू कर दी.
डीएसई ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और बच्चों के लिए स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





