कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले की कांड्रा थाना पुलिस ने ऑपरेशन डिवाइस एवं प्रोजेक्ट मिलाप (CEIR Portal) के तहत कार्रवाई करते हुए तीन गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. गुरुवार को थाना परिसर में आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों मोबाइल संबंधित लाभुकों को सुपुर्द किए गए.



मोबाइल प्राप्त करने वालों में आदित्यपुर के लाल कॉम्प्लेक्स निवासी अशोक कुमार पाण्डेय. कांड्रा के बिकानीपुर निवासी सचिन मंडल. तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित कालिकापुर निवासी जयंत सरकार शामिल हैं. तीनों के मोबाइल अलग-अलग समय पर गुम हो गए थे. इसके बाद संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
कांड्रा थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया. सभी आवश्यक सत्यापन औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए गए.
मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों ने कांड्रा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी. लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों के कारण उनका मोबाइल सुरक्षित वापस मिल सका.

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन डिवाइस के तहत गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं. साथ ही सीईआईआर पोर्टल पर भी इसकी सूचना दर्ज करें. इससे तकनीकी माध्यम से मोबाइल को शीघ्र ट्रैक कर बरामद करने में सहायता मिलती है.
कांड्रा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है. साथ ही आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का एक सकारात्मक उदाहरण भी सामने आया है.





