जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित एक बंद क्वार्टर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.



जानकारी के अनुसार, बाराद्वारी निवासी चौधरी ब्राह्मण नारायण किसी पारिवारिक कार्य से अपने पैतृक गांव गए हुए थे. इस दौरान उनका घर बंद था. वापस लौटने पर उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा. जांच करने पर पता चला कि चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसे थे.
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए.
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
इस मामले में साकची थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.





