सरायकेला: कांड्रा थाना कांड संख्या 20/26 के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने पुलिस दबिश के बाद 11 सितंबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. न्यायालय की अनुमति से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य सामान बरामद किए गए.


पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर मामले में लगातार छापेमारी की जा रही थी. इससे पूर्व इस कांड के प्राथमिकी अभियुक्त फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22 वर्ष), रविन्द्र मार्डी (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार प्राथमिकी अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान में सामने आए अप्राथमिकी अभियुक्त मांझी राज टुडू उर्फ राजा टुडू, पिता स्व. लुसा टुडू, निवासी सालडीह तथा सुनील सोरेन, पिता विजय सोरेन, निवासी यशपुर, थाना गम्हरिया, जिला सरायकेला-खरसावां के विरुद्ध कार्रवाई की गई.
दोनों अप्राथमिकी अभियुक्तों ने 11 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया और पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
निशानदेही पर बरामदगी
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त चार पहिया वाहन डस्टर (JH 01AY 0408) तथा दोनों शवों को दफनाने के दौरान इस्तेमाल किए गए एक गैता और एक कुदाल को बरामद कर जब्त किया है. इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.

