इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
रांची: केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आंदोलन की अगली रणनीति तैयार करने की कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में पार्टी ने 20 अगस्त को रांची में केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक बुलायी है. माना जा रहा है कि बैठक में केंद्र सरकार के विधेयक के खिलाफ आंदोलन को व्यापक रूप देने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है.
JMM केंद्रीय समिति की एक दिवसीय विस्तारित बैठक 20 अगस्त 2026, गुरुवार को सुबह 10:30 बजे हरमू स्थित सोहराय भवन में आयोजित होगी. बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा सभी जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष और महानगर सचिव शामिल होंगे.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
बैठक के एजेंडे में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज संशोधन विधेयक से उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी. पार्टी नेतृत्व विधेयक के प्रावधानों और उसके संभावित प्रभावों पर विचार-विमर्श करने के साथ झारखंड के हितों को लेकर आगे की राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा करेगा.
JMM सूत्रों के मुताबिक बैठक में आंदोलन की दिशा और स्वरूप को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से राय ली जाएगी. इसके बाद आंदोलन को जिला और प्रखंड स्तर तक ले जाने की रणनीति पर भी निर्णय संभव है.
झारखंड में खनिज संसाधनों और उनके अधिकारों का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक बहस का केंद्र रहा है. ऐसे में केंद्र सरकार के संशोधन विधेयक को लेकर JMM का रुख आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन सकता है.
20 अगस्त की बैठक को इसी राजनीतिक संघर्ष की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी नेतृत्व बैठक में लिए जाने वाले फैसलों के आधार पर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन का अगला कार्यक्रम तय कर सकता है.