सरायकेला: आईएमडी (India Meteorological Department) के रांची मौसम केंद्र ने झारखंड के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जारी चेतावनी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला- खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर मध्यम दर्जे की गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है.


मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. अचानक मौसम बदलने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने की भी हिदायत दी गई है.
किसानों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि वे इस दौरान खेतों में न जाएं और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें. मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अस्थायी है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.



