खूंटी: जिले के तोरपा थाना क्षेत्र से सोमवार बड़ी खबर सामने आयी है. जहां भगवान जगन्नाथ के रथ को किनारे करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. रथ पर लगा झंडा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया. जिससे रथ में करंट दौड़ गया. हादसे में रथ को धक्का लगा रहे आठ स्कूली छात्र करंट की चपेट में आ गए. इनमें दो छात्रों की मौत हो गई. जबकि छह अन्य घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है.



यह हादसा तोरपा थाना क्षेत्र के निधिवन रेस्टोरेंट के समीप हुआ. जानकारी के अनुसार. भगवान जगन्नाथ का रथ मौसीबाड़ी में रुका हुआ था. रथ को किनारे करने के लिए श्रीहरि प्लस टू उच्च विद्यालय के आठ छात्र उसे धक्का लगा रहे थे. इसी दौरान रथ पर लगा झंडा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से सट गया और पूरे रथ में करंट फैल गया. जिससे सभी छात्र उसकी चपेट में आ गए.
मृत छात्रों की फाईल तस्वीर
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय चंदन कुमार और 18 वर्षीय तेजेश्वर महतो के रूप में हुई है. दोनों श्रीहरि प्लस टू उच्च विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र थे.

परिजनों के अनुसार. टिफिन के दौरान दोनों छात्र अपने साथियों के साथ रथ के पास गए थे. रथ को धक्का लगाने के दौरान अचानक करंट फैल गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया.
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रघुनंदन भगत ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था. प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने का प्रतीत होता है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. वहीं स्थानीय लोगों ने धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.





