सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता, शिक्षाविद एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रो. कालीपद (केपी) सोरेन ने शुक्रवार को अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की. इस अवसर पर उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से भी समय पर अपना प्रपत्र भरने और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने की अपील की.


प्रो. सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है. इसलिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना एसआईआर प्रपत्र अवश्य जमा करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से इस अभियान को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है.

प्रो. कालीपद सोरेन ने विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे इस अभियान को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनजागरूकता अभियान के रूप में लें और लोगों को सही जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया से जोड़ने में सहयोग करें.
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी सशक्त होगी, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होगा और वह अपने मताधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग कर सकेगा. इसलिए सभी नागरिकों को इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए.





