सरायकेला: जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चौड़ा गांव निवासी किसान मो. साहरूख हुसैन साइबर ठगी का शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने खुद को कुकड़ू प्रखंड का प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बताकर फोन किया और सुखाड़ राहत योजना की राशि दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 59 हजार रुपये की ठगी कर ली.


पीड़ित ने तिरुलडीह थाना में दिए लिखित आवेदन में बताया कि 17 जुलाई को एक व्यक्ति ने बीडीओ बनकर फोन किया. उसने कहा कि कृषि विभाग की सुखाड़ राहत योजना की राशि उनके खाते में इसलिए नहीं आई है क्योंकि बैंक खाता डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से लिंक नहीं है.
आरोपी ने इसके बाद फोनपे का एक लिंक भेजा. जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से 19 हजार रुपये, 20 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, कुल 59 हजार रुपये, तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में अनिकेत कुमार नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तिरुलडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
*साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी*
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी या सरकारी योजनाओं के नाम पर आने वाले फोन कॉल और लिंक से सतर्क रहें. कोई भी सरकारी अधिकारी या बैंक कर्मचारी फोन पर ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम विवरण या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता और न ही किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है.
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें. यदि कोई संदेहास्पद कॉल आए तो संबंधित कार्यालय से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें. साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम थाना या साइबर थाना में सूचना दें.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





