चांडिल: नीमडीह प्रखंड सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में झारखंड अलग राज्य आंदोलन से जुड़े 61 चिह्नित आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो ने अपने हाथों से सभी आंदोलनकारियों को सम्मानित किया.

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय रहा है. उनके संघर्ष और बलिदान की बदौलत ही आज अलग झारखंड राज्य की पहचान स्थापित हो सकी है.

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें उचित मान- सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग की पहचान है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा.
कार्यक्रम के दौरान 4 पारिवारिक प्रमाण पत्र, 3 जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र और एक मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना से संबंधित प्रमाण पत्र का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जहां पूरे सम्मान और गरिमा के साथ यह आयोजन संपन्न हुआ.

