चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत धोलाबनी गांव से मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है. एक दलाल द्वारा दो नाबालिग बच्चियों को काम दिलाने के नाम पर बहला- फुसलाकर दिल्ली ले जाने की सूचना मिली है.

परिजनों के अनुसार, घटना उस समय की है जब वे मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान दलाल ने मौके का फायदा उठाकर दोनों बच्चियों को अपने साथ ले गया. मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने दलाल की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है.
गांव में ग्राम मुंडा जगन्नाथ महली की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर इस मुद्दे पर चर्चा की गई. बैठक में ग्रामीणों ने दलाल को दो दिनों के भीतर दोनों बच्चियों को सुरक्षित वापस लाने का अल्टीमेटम दिया है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर बच्चियों को वापस नहीं लाया गया तो पुलिस और प्रशासन से संपर्क कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी. इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रहे मानव तस्करी के मामलों को लेकर सतर्क रहने और ऐसे दलालों से सावधान रहने की अपील की है.

