रांची: झारखंड हाई कोर्ट में बुधवार को तीन नए न्यायाधीशों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. हाई कोर्ट परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने नव नियुक्त न्यायाधीशों को शपथ दिलाई.


शपथ लेने वाले न्यायाधीशों में जस्टिस मनोज प्रसाद, जस्टिस अखिल कुमार और जस्टिस राम शर्मा शामिल हैं. तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर से हुई है. न्यायिक सेवा में लंबे अनुभव के बाद इन्हें झारखंड हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
जस्टिस मनोज प्रसाद इससे पहले गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे. जस्टिस अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वहीं जस्टिस राम शर्मा डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुके हैं.
तीनों नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के बाद झारखंड हाई कोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं. इनमें से अभी भी 9 पद रिक्त हैं.
नए न्यायाधीशों की नियुक्ति से हाई कोर्ट में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है. न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं के अनुसार, न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से न्यायिक कार्यों के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

