जामताड़ा: जिले के कुंडहित स्थित भागवत झा आजाद कॉलेज परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय कौतूहल का माहौल बन गया, जब बंद पड़े शौचालय चैंबर के अंदर एक दुर्लभ जंगली जीव साही (पोर्क्यूपाइन) मिलने की सूचना सामने आई. इस अनोखे वन्यजीव को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.


जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर के बंद शौचालय चैंबर में अचानक साही दिखाई दिया. इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों ने वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही झारखंड वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. हालांकि काफी देर तक प्रयास करने के बावजूद टीम उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने में सफल नहीं हो सकी.
इसी दौरान केटल गार्ड बीरु सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जोखिम उठाकर साही को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और उसे पिंजरे में बंद कर दिया. इसके बाद वन विभाग की टीम उसे अपने कार्यालय ले गई.
वन रक्षी दुर्गा सोरेन ने बताया कि साही एक जंगली जीव है, जो सामान्यतः पहाड़ी क्षेत्रों और घने जंगलों में पाया जाता है. इसके पूरे शरीर पर सुई जैसे नुकीले कांटे होते हैं, जिनका उपयोग यह आत्मरक्षा के लिए करता है. ऐसे में इसके करीब जाना या बिना प्रशिक्षण के पकड़ने का प्रयास करना जोखिम भरा हो सकता है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू के बाद दुर्लभ वन्यजीव को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लगभग दस वर्ष पहले भी लोहात क्षेत्र के एक बंद कुएं में इसी प्रकार का साही मिला था. इससे संकेत मिलता है कि इलाके के जंगलों में आज भी इस दुर्लभ प्रजाति की मौजूदगी बनी हुई है.
कॉलेज परिसर में दुर्लभ साही मिलने की घटना दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों में वन्यजीवों के प्रति उत्सुकता देखने को मिली.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

