कपाली/ Afroz Mallik तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय के संस्थापक सह प्रबंध निदेशक डॉ. बी.डी. शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

डॉ. शर्मा एक प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक और समाजसेवी थे. उन्होंने अपने समर्पण और दूरदर्शिता से गोविंद विद्यालय को एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थापित किया. उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा दी.
उनके निधन के बाद विद्यालय प्रबंधन ने शोक व्यक्त करते हुए सभी कक्षाओं को स्थगित कर दिया. विद्यालय परिसर में आयोजित शोक सभा में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इसी क्रम में झामुमो के अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद ने भी डॉ. शर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा. डॉ. शर्मा की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 10 बजे गोविंद विद्यालय, तमोलिया परिसर से निकलेगी, जो स्वर्णरेखा बर्निंग घाट तक जाएगी, जहां पूरे विधि- विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

