
रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को करीब 5 से 6 घंटे तक मैराथन पूछताछ की. पूछताछ समाप्त होने के बाद वह रांची स्थित ED कार्यालय से बाहर निकल गए. इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.


जानकारी के अनुसार, ED के दूसरे समन के बाद रामेश्वर उरांव मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे थे. यहां जांच अधिकारियों ने उनसे विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से पूछताछ की और कई दस्तावेजों एवं तथ्यों को लेकर जवाब मांगे. पूछताछ के दौरान उनसे संबंधित रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध सूचनाओं का भी मिलान किया गया.
इससे पहले सोमवार को ED ने उनके पुत्र रोहित उरांव से भी लंबी पूछताछ की थी. सूत्रों के अनुसार, पिता-पुत्र से हुई पूछताछ में एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां और इनपुट मिले हैं. इन्हीं तथ्यों के आधार पर अब जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी पूछताछ की जा सकती है.
हालांकि, ED की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पूछताछ किस विशेष मामले में की गई और न ही एजेंसी ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. फिलहाल पूछताछ में सामने आए तथ्यों, दस्तावेजों और बयानों का विश्लेषण किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
Edited By Sarita





