
जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन प्रांगण में मासिक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन कर सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. समारोह में यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया.


इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने टाटा मोटर्स में अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव साझा किए. कई कर्मचारियों ने भावुक होकर अपने सफर को याद किया और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
महामंत्री आरके सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कंपनी से सेवानिवृत्त हुए हैं, लेकिन यूनियन से नहीं. उन्होंने सभी से यूनियन से जुड़े रहने, संगठन को सुझाव देने और भविष्य में भी सहयोग करने की अपील की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यूनियन हर परिस्थिति में अपने सदस्यों के साथ खड़ी रहेगी.
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन मनोज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एमके सिंह ने दिया. इस अवसर पर शंभू दयाल पांडेय, जयंता कुमार पात्रा, गोपाल चंद्र मैति, अशोक कुमार सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, नुरूल हक, कुमार राजू और बीपी भद्रा को सम्मानित किया गया.
Edited By Sarita





