रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की चर्चित CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच कर रही झारखंड CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश और वैशाली निवासी राहुल कुमार शामिल हैं.


झारखंड CID की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, JSSC द्वारा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता (CGL) परीक्षा-2023 में कथित अनियमितताओं को लेकर CID थाना कांड संख्या 01/2025 दर्ज है.
इसी मामले की जांच के क्रम में JSSC-CGL परीक्षा संचालन से संबद्ध बताए गए सोमांश प्रकाश और उनके सहयोगी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया है. सोमांश प्रकाश मूल रूप से रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि राहुल कुमार वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के चांदसराय के निवासी हैं. दोनों वर्तमान में दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र में रह रहे थे.
CID की यह कार्रवाई इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों का आंदोलन और जांच की मांग चलती रही है. अब दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में आगे और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है.

