धनबाद: गुरुवार देर रात रांची CBI की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CISF अधिकारी सुजीत कुमार के घर पर छापेमारी की. पुराना बाजार स्थित गांधी नगर में उनके आवास पर चली छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना है. नोटों की गिनती के लिए मशीन भी मंगाई गई.


सूत्रों के अनुसार, छापेमारी में करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी मिलने की सूचना है. हालांकि बरामद नकदी और आभूषणों की कुल कीमत को लेकर CBI की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
बताया जा रहा है कि इससे पहले रांची में CBI ने संतोष कुमार महतो, सीनियर अकाउंट ऑफिसर, सुनील कुमार, सहायक अकाउंट ऑफिसर और सुजीत कुमार, सहायक अकाउंट ऑफिसर को कथित रूप से 48 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था. इसी मामले की जांच के क्रम में धनबाद स्थित आवास पर छापेमारी की गई.
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज स्थित CISF की NTPC यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी ने अधिकारियों के खिलाफ CBI से शिकायत की थी. आरोप है कि बिल रिलीज करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी. शिकायत के आधार पर CBI ने कार्रवाई की. फिलहाल CBI की कार्रवाई और बरामद संपत्ति से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

