रांची/चांडिल: ईचागढ़ के भादूडीह में हजारों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामने वाले हरेलाल महतो का शक्ति प्रदर्शन अब झारखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है. सदस्यता ग्रहण समारोह में उमड़ी भीड़ ने जहां भाजपा प्रदेश नेतृत्व का उत्साह बढ़ाया, वहीं हरेलाल को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलों को भी हवा दे दी है.


इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के सोमवार को दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करने की जानकारी सामने आई है. राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि इस मुलाकात में भादूडीह के कार्यक्रम और हरेलाल महतो के समर्थकों की भागीदारी पर भी चर्चा हुई. हालांकि, बैठक में किन विषयों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
भादूडीह की भीड़ क्या बदलेगी हरेलाल का राजनीतिक कद ?
आजसू छोड़कर भाजपा में आए हरेलाल महतो के लिए भादूडीह का मिलन समारोह राजनीतिक ताकत दिखाने का अवसर बना. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी को उनके संगठनात्मक प्रभाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी मीडिया से बातचीत में कार्यक्रम की भीड़ का विशेष उल्लेख किया था.
अब चर्चा इस बात की है कि क्या भाजपा हरेलाल महतो को केवल ईचागढ़ तक सीमित रखेगी या कोल्हान में संगठनात्मक जिम्मेदारी देकर उनकी भूमिका का विस्तार करेगी. फिलहाल पार्टी ने ऐसी किसी नियुक्ति की घोषणा नहीं की है.
कोल्हान से सिल्ली तक कुड़मी-महतो राजनीति पर नजर
हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने के बाद कुड़मी-महतो बहुल क्षेत्रों में पार्टी की आगामी संगठनात्मक रणनीति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को आजसू प्रमुख सुदेश महतो और जयराम महतो की सक्रियता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.
इधर, रांची जिले की सिल्ली विधानसभा सीट को लेकर भी राजनीतिक अटकलें हैं. सूत्रों के हवाले से एक क्षेत्रीय दल से जुड़े कुड़मी-महतो नेता के भाजपा में आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, संबंधित नेता की पहचान और संभावित दल-बदल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

