जामताड़ा: आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नारायणपुर थाना पुलिस अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह, मुरली पहाड़ी और मोहनपुर धर्मपुर में पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी मुराद हसन ने किया. इस दौरान नारायणपुर अंचल निरीक्षक भी मौजूद रहे.


जांच अभियान के दौरान पुलिस ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने (रैश ड्राइविंग), बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष नजर रखी. वाहन चालकों को रोककर आवश्यक जांच की गई और नियमों की अनदेखी करने वालों को सचेत करते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की हिदायत दी गई.
पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर आवाजाही बढ़ने के कारण थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. ऐसे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने, बिना हेलमेट सफर करने और शराब के नशे में ड्राइविंग करने से बचना बेहद जरूरी है. दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की गई.
पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है. त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही बनाए रखने के लिए इस प्रकार के जांच अभियान चलाए जा रहे हैं.
पुलिस की अपील: त्योहार की खुशियां मनाएं, लेकिन सड़क सुरक्षा से समझौता न करें. यातायात नियमों का पालन करें और खुद के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखें.

