रांची: झारखंड विधानसभा स्थित युवा कल्याण, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति की सभापति सह ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने की, जिसमें विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.

बैठक का मुख्य उद्देश्य समिति द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना और आगामी कार्ययोजनाओं की रूपरेखा तय करना था. इस दौरान सभापति सविता महतो ने संबंधित पदाधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली.
उन्होंने विशेष रूप से युवा कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने पर जोर दिया. साथ ही योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश भी दिए. बैठक में समिति के सदस्य विधायक रागिनी सिंह और विधायक निशात आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.

