जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को समाहरणालय सभागार में चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें दीपिका बेसरा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया. उपायुक्त रवि आनंद ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से पूरी हुई. प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी गई थी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं.
इस दौरान डायरेक्टर जुगनू मिंज और पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. मतदान प्रक्रिया में जिला परिषद के कुल 12 सदस्यों ने भाग लिया, जबकि पूर्व अध्यक्ष राधा रानी सोरेन इस प्रक्रिया में अनुपस्थित रहीं. एक सदस्य के निधन के कारण परिषद की एक सीट रिक्त है.
बताया गया कि वर्ष 2022 के चुनाव में दीपिका बेसरा महज एक वोट से अध्यक्ष पद से वंचित रह गई थीं. इस बार सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया. यह अविश्वास प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष राधा रानी सोरेन के खिलाफ लाया गया था.
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई है और उम्मीद जताई कि जिला परिषद जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और जिले के संतुलित विकास के लिए काम किया जाएगा. उन्होंने सभी सदस्यों और समर्थकों का आभार जताया. मौके पर जिला परिषद के कई सदस्य और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे.

