जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में अवैध खनन और कोयले के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 5 टन कोयला जब्त किया है. यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टास्क फोर्स द्वारा की गई.

छापेमारी का नेतृत्व अखिलेश कुमार ने किया. टीम ने नाला विधानसभा क्षेत्र के बिंदा पत्थर थाना अंतर्गत सोरेन पारा में गुप्त सूचना के आधार पर औचक छापा मारा. जानकारी के अनुसार इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला जमा कर उसे खपाने की तैयारी की जा रही थी. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कोयला बरामद हुआ, जिसे ट्रैक्टरों के जरिए थाना परिसर में सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है.
प्रशासन और पुलिस की टीम अब इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान में जुट गई है. अधिकारियों के अनुसार मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

