जामताड़ा: जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के नगरी गांव के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.


पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हो रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. प्रथम दृष्टया मृतक की शिनाख्त नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के गांवों तथा अन्य थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है. इस संबंध में मृतक की तस्वीर भी साझा की गई है, ताकि उसके परिजनों या परिचितों तक सूचना पहुंचाई जा सके.
कुंडहित थाना प्रभारी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है या उससे संबंधित कोई जानकारी रखता है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे. पहचान होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
पुलिस ने मृतक की पहचान से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए मोबाइल नंबर 8789075954 और 9470591041 जारी किए हैं. पुलिस का कहना है कि शव की पहचान कराने और मामले की जांच पूरी करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मृतक की पहचान का इंतजार किया जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



