चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है. इसी क्रम में 3 जून 2026 को चक्रधरपुर और टोकलो थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.


उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को अवैध चुलाई शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
वहीं टोकलो थाना क्षेत्र के चीटपिल गांव में अवैध शराब बिक्री के लिए कुख्यात स्थान पर छापेमारी कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया. दोनों अभियानों के दौरान कुल 17 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई.
इसके अलावा उपायुक्त के निर्देश पर जिले की लाइसेंसी खुदरा शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अनुज्ञप्ति संख्या 001_COM_WES_25-26 और 007_COM_WES_25-26 में अनधिकृत विक्रेता द्वारा शराब बिक्री किए जाने की अनियमितता पाई गई.
उत्पाद विभाग ने संबंधित मामलों को दर्ज करते हुए लाइसेंसधारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



