
जामताड़ा: मानवता की सेवा और “रक्तदान महादान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) जामताड़ा सदर तथा ‘पलाश’ ब्रांड के संयुक्त तत्वावधान में सदर अस्पताल परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया.


रक्तदान शिविर में JSLPS की पूरी प्रशासनिक टीम ने स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया. जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल रंजन, जिला प्रबंधक उत्तम कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक शफीक अंसारी तथा सामुदायिक समन्वयक इकबाल अहमद ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.
अधिकारियों की इस पहल से प्रेरित होकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 10 से अधिक महिलाओं ने भी रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की. शिविर में रक्तदान की पूरी प्रक्रिया अस्पताल प्रशासन की निगरानी में सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई. इस दौरान स्टेराइल डिस्पोजेबल किट का उपयोग सुनिश्चित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है. रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की.
मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है. इससे हृदय स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा कई अन्य स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त होते हैं.
समाचार लिखे जाने तक सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर पूरे उत्साह और भव्यता के साथ जारी था. JSLPS की टीम ने आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






