जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के तहत मिहिजाम रोड स्थित श्याम मंदिर तथा पासोई मोड़ के समीप वाहनों को रोककर जांच की गई. जांच के दौरान वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा समेत अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई.


इसके अलावा सड़क किनारे किए गए अवैध पार्किंग की भी जांच की गयी. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान कुल 45 वाहनों से करीब 1.50 लाख रुपये का चालान किया गया.
अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने तथा सड़क पर अवैध रूप से वाहन पार्क नहीं करने की हिदायत दी. अभियान में एसडीपीओ जामताड़ा, थाना प्रभारी जामताड़ा, एमवीआई जामताड़ा तथा रोड सेफ्टी टीम के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

