चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड की देवावीर पंचायत अंतर्गत तैरा गांव में बुधवार को दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. उत्क्रमित विद्यालय तैरा ऊपर टोली के मैदान में जेएमपीसी तैरा के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन अधिवक्ता सह पूर्व प्रत्याशी महेंद्र जामुदा ने फुटबॉल में किक मारकर किया.


प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला डीएस ब्रदर्स और जूनियर स्टार के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में डीएस ब्रदर्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और प्रतियोगिता में आगे का सफर तय किया.
खेल से खुल रहे रोजगार के रास्ते- महेंद्र जामुदा
खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए महेंद्र जामुदा ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है. वर्तमान दौर में खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाशाली युवाओं के लिए करियर और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है.
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के जरिए खिलाड़ी रेलवे, सेना सहित राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में खेल कोटे के माध्यम से अवसर हासिल कर सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने तथा प्रतिस्पर्धा को आपसी रंजिश में नहीं बदलने की अपील की.
महेंद्र जामुदा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र के युवाओं से प्रेरणा लेने को कहा. उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनुआ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर बड़े मंचों तक पहुंच सकती हैं.
कार्यक्रम में नितिन जामुदा, मिथुन नायक, विकास खड़ाईत, दीपक नायक, कार्तिकेश्वर नायक, सुदाम नायक, शिवा, मनोज, कलंदी, विजय, अर्जुन, राजवीर, चंदन, नीलू, जगजीवन और रवि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

