जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के राजपल्ली इलाके में मंगलवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रदीप चौधरी, जो बोदमा स्थित एसबीआई शाखा में कैशियर हैं, राजपल्ली में बैजू झा के किराये के मकान में रहते हैं. घटना के समय वे अपनी पत्नी के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरा कमरा बंद था.
इसी दौरान देर रात चोरों ने घर की ग्रील काटकर अंदर प्रवेश किया और बंद कमरे में रखी आलमारी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर फरार हो गए.

बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि पीड़ित मूल रूप से रांची के सेल सिटी बिरसा चौक के रहने वाले हैं और पिछले एक साल से राजपल्ली में किराये के मकान में रह रहे थे. गौरतलब है कि जामताड़ा में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है. पाणडेडीह और न्यू टाउन क्षेत्र में भी हाल ही में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है.
लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है.

