
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) क्लब के बाहर शनिवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की सोमवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद से ही उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी. चिकित्सकों की लगातार कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.


जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात डबल डाउन क्लब के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई, जिसमें हिमांशु सिंह समेत कई युवक घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां हिमांशु सिंह की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी.
सोमवार को इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इधर, बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक की मौत के बाद अब इस मामले की जांच हत्या की धाराओं के तहत आगे बढ़ाई जाएगी. घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita






