जामताड़ा:शिक्षक दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के प्रारंभिक विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है. जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की ओर से 2 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार 5 सितंबर 2026 को जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालय सुबह 6:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगे.


जिला शिक्षा अधीक्षक ने यह आदेश उपायुक्त जामताड़ा के मौखिक निर्देश के आलोक में जारी किया है. आदेश में जिले के सभी संबंधित प्रारंभिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रधानाध्यापिका एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक-प्रधानाध्यापिका को निर्धारित समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया है.
कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक दिवस के दिन विद्यालयों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाए. विद्यालय प्रबंधन को समय पर विद्यालय खोलने तथा निर्धारित अवधि तक शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी ज्ञापांक 1691 की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, संथाल परगना तथा उपायुक्त जामताड़ा को भी सूचनार्थ भेजी गई है.
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालयों के संचालन समय में किए गए बदलाव की जानकारी के बाद प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाओं और अभिभावकों के बीच भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

