जामताड़ा: गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत जिला स्तरीय स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया. अभियान का केंद्र बिंदु ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ रखा गया.


कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया. जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त आलोक कुमार सहित जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
पौधरोपण के साथ दिया स्वच्छता का संदेश
अभियान के दौरान समाहरणालय परिसर में पौधरोपण और साफ-सफाई की गई. अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर की सफाई कर स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
कार्यक्रम में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई. इस दौरान स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया.
सभी थाना और पुलिस प्रतिष्ठानों में भी चला अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस केंद्र जामताड़ा समेत जिले के सभी थाना एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया.
संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अपने-अपने परिसरों में साफ-सफाई की. पुलिस कर्मियों ने स्वच्छता बनाए रखने और अपने कार्यस्थल को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया.
स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से पुलिस-प्रशासन ने लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साफ-सुथरे परिवेश के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

