
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात 27 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी रोहित मुंडा के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.


पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रोहित मुंडा बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था. पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए. हालांकि बस्ती पहुंचने के बाद विवाद दोबारा शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरोप है कि कुछ युवकों ने रोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल को अस्पताल नहीं ले गए, घर पर ही हो गई मौत
घटना के बाद घायल रोहित को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन उसे घर ले आए. परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद उसने पानी भी पिया और उसकी हालत सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो क्या उसकी जान बच सकती थी.
बाइक चोरी के शक में हत्या की आशंका
मृतक के साथी बजरंग ने दावा किया है कि रोहित की हत्या बाइक चोरी के शक में की गई. उसके अनुसार, पार्टी समाप्त होने के बाद एक युवक की बाइक रोहित अपने घर ले आया था. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और बाद में उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.
बस्ती के युवकों पर हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने बस्ती के ही सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान भी हुई है, जो मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato





