जामताड़ा: संसाधनों की कमी को अपनी राह की बाधा नहीं बनने देते हुए पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पट्टाजोड़ी के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल शुरू की है. विद्यालय में शिक्षक भवेश सर के मार्गदर्शन में विद्यार्थी बागवानी और पौध तैयार करने की तकनीक सीख रहे हैं. इसी क्रम में विद्यार्थियों ने अब तक करीब 500 जामुन के पौधे तैयार कर लिए हैं. इसके अलावा आम, अमरूद, हेस और जवा फूल के पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं.


विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान बीज और कलम के माध्यम से नए पौधे तैयार करने की तकनीक सिखाई जा रही है. पौध तैयार करने की यह गतिविधि बच्चों के लिए केवल पढ़ाई का हिस्सा नहीं, बल्कि उन्हें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने का व्यावहारिक माध्यम भी बन रही है. अपने हाथों से तैयार हो रहे पौधों को देखकर विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मसंतुष्टि का भाव देखने को मिल रहा है.
पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार का सपना
विद्यालय के विद्यार्थियों का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ पौधे तैयार करना नहीं है. आने वाले समय में इस पहल को बड़े स्तर पर ले जाकर बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का माध्यम बनाने की योजना है. विद्यार्थियों का मानना है कि बड़े पैमाने पर पौधे तैयार कर उनका रोपण और वितरण किया जाए, तो इससे पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के साथ भविष्य में आजीविका के अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं.
कक्षा से बाहर सीख रहे जीवन का हुनर
विद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ रही है. बीज से पौधा तैयार करने की प्रक्रिया के माध्यम से बच्चे पौधों की देखभाल, प्रकृति के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत को करीब से समझ रहे हैं.
सीमित संसाधनों के बीच सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों की यह पहल संदेश दे रही है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े संसाधनों से अधिक जरूरी इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास है. विद्यार्थियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए संदेश दिया, “पौधे लगाएं, पौधे बचाएं और अपने भविष्य को हरा-भरा बनाएं.”
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

