जामताड़ा: मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए जामताड़ा पुलिस की पहल राहत लेकर आई है. CEIR पोर्टल और थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने एक माह तक विशेष अभियान चलाकर 37 गुम मोबाइल बरामद किए. सत्यापन के बाद इनमें से 17 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए, जबकि शेष मोबाइलों की पहचान और बरामदगी की कार्रवाई जारी है.


पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों के साथ CEIR पोर्टल पर दर्ज मामलों को भी खंगाला. तकनीकी माध्यम से मोबाइल की लोकेशन और उसके इस्तेमाल से जुड़े इनपुट जुटाकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की.
जिले से बाहर तक पहुंची पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान जामताड़ा जिले के अलावा अन्य जिलों और राज्यों से भी गुम मोबाइल बरामद किए गए. बरामद मोबाइलों की जांच के बाद उनके वास्तविक धारकों का सत्यापन किया गया. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 अगस्त 2026 को संबंधित थाना प्रभारियों ने 17 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे.
मोबाइल वापस मिलने पर संबंधित लोगों ने पुलिस की पहल की सराहना की. पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल गुम संपत्ति की बरामदगी करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की शिकायतों का समाधान कर पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना भी है.
मिहिजाम सबसे आगे, नाला दूसरे स्थान पर
थानावार कार्रवाई में मिहिजाम थाना क्षेत्र से चार मोबाइल बरामद कर उनके धारकों को सौंपे गए. नाला थाना क्षेत्र से तीन मोबाइल बरामद हुए. वहीं जामताड़ा, नारायणपुर, करमाटांड़ और बागडेहरी थाना क्षेत्र से दो-दो तथा बिंदापाथर और फतेहपुर थाना क्षेत्र से एक-एक मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए.
थाना सौंपे गए मोबाइल
मिहिजाम 4
नाला 3
जामताड़ा 2
नारायणपुर 2
करमाटांड़ 2
बागडेहरी 2
बिंदापाथर 1
फतेहपुर 1
कुल 17
अभियान आगे भी जारी रहेगा
जामताड़ा पुलिस ने कहा कि गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे. 37 मोबाइल की बरामदगी के बाद 17 मोबाइल अपने वास्तविक मालिकों तक पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य मोबाइलों की तलाश जारी है. पुलिस की तकनीकी कार्रवाई से लंबे समय से गुम मोबाइल की बरामदगी की उम्मीद लगाए लोगों को भी राहत मिली है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

