
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत सदर पंचायत निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के कुंडहित मंडल उपाध्यक्ष रवि बाध्यकर (करीब 45 वर्ष) की रविवार देर रात सर्पदंश से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात रवि बाध्यकर को जहरीले सांप ने काट लिया. परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के शिरडी स्थित एक अस्पताल ले गए. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
सोमवार देर दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर गांव लाने की प्रक्रिया जारी रही. निधन की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने उनके आवास पहुंचे.
रवि बाध्यकर भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं लोकप्रिय कार्यकर्ता थे. वह भाजपा कुंडहित मंडल के उपाध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. उनके आकस्मिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है.
भाजपा नेताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रवि बाध्यकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





