
जामताड़ा: आगामी 19 जुलाई को आयोजित होने वाली JSSC परीक्षा को लेकर जामताड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं. परीक्षा में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में शहर के विभिन्न विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग उठने लगी है.


जानकारों का कहना है कि विद्यालय प्रबंधन अपने परिसर की नियमित साफ-सफाई कराता है. लेकिन विद्यालय परिसर के बाहर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई नगर निकाय की जिम्मेदारी है. यदि परीक्षा से पहले इन स्थानों पर विशेष सफाई कराई जाए तो बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों पर शहर की सकारात्मक छवि बनेगी और उन्हें स्वच्छ वातावरण मिलेगा.
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि सफाई कर्मियों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों का सर्वे कराया जाए. जहां भी गंदगी हो वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाए. उनका कहना है कि यह पहल केवल परीक्षा के दृष्टिकोण से ही नहीं. बल्कि प्रतिदिन विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए भी लाभकारी होगी.
स्थानीय लोगों का मानना है कि “अतिथि देवो भवः” की भावना को व्यवहार में उतारने का यह उपयुक्त अवसर है. परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के स्वागत के लिए शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना प्रशासन एवं नगर परिषद की प्राथमिकता होनी चाहिए.
इस संबंध में जामताड़ा नगर प्रबंधक निर्मल कुमार ने बताया कि शहर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है. यदि कहीं भी गंदगी दिखाई देती है तो आम लोग संबंधित स्थान की जानकारी नगर पंचायत कार्यालय को दें. सूचना मिलते ही वहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





