जामताड़ा: जिले के गोविंदपुर- साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे लंबे समय तक आवागमन बाधित रहा.

जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया गांव के समीप तेज रफ्तार ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दुधानी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजा मणि मंडल की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रायडीह गांव निवासी राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई पड़ी. हादसे के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ की डाल पर जा चढ़ा, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
घटना से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजा, ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा- बुझाकर जाम हटाने का प्रयास करती रही. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है.
Report- Manish Baranwal



